नई दिल्ली: चेन्नई में आयोजित एसडीएटी स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में टॉप सीड हांगकांग, चीन को 3-0 से करारी शिकस्त देकर प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाया। यह भारत का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहला खिताब है। इससे पहले 2023 में भारत ने कांस्य पदक जीता था। पूरी टीम ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी जीती। भारत स्क्वैश वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला एशियाई देश बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्क्वैश वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बधाई दी और इसे गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा, “इतिहास रचने और अपना पहला वर्ल्ड कप टाइटल जीतने के लिए भारतीय स्क्वैश टीम को बहुत-बहुत बधाई! जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलवन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह ने जबरदस्त लगन और पक्का इरादा दिखाया है।” पीएम मोदी ने यह भी कहा कि टीम की इस सफलता ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है और इससे युवाओं के बीच स्क्वैश की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने का यी ली को 3-1 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद, भारत के नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 से हराया। निर्णायक मैच में 17 वर्षीय युवा स्टार अनाहत सिंह ने टोमाटो हो को 3-0 से मात देकर जीत पक्की की। सेमीफाइनल में भारत ने दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन मिस्र को भी 3-0 से हराया था।

