मुंबई, 13 दिसंबर, 2025: बॉलीवुड में पैपराजी कल्चर को लेकर छिड़ी बहस में अब एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने अपनी संतुलित प्रतिक्रिया दी है। बीते दिनों जया बच्चन द्वारा पैपराजी के व्यवहार और पहनावे पर कड़ी नाराजगी जाहिर करने के बाद हुमा ने कहा कि केवल फोटोग्राफरों को दोष देना सही नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि कलाकारों की प्राइवेसी का सम्मान जरूरी है, लेकिन कई बार सेलिब्रिटी खुद ही उन्हें बुलाते हैं।
हुमा कुरैशी ने साफ कहा, “मैं झूठ नहीं बोलूंगी। जब हमें अपनी फिल्मों का प्रचार करना होता है या अपनी जिंदगी के किसी खास पहलू को लोगों के सामने लाना होता है, तो हम खुद पैपराजी को बुलाते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि प्रीमियर हो या कोई इवेंट, जब हमें दिखना होता है, तब हम उन्हें बुलाते हैं, इसलिए मैं सारा दोष उन पर नहीं डालना चाहती।
हुमा ने पैपराजी के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्ते को मजबूत बताते हुए कहा कि अगर वह असहज होती हैं या फोटो नहीं खिंचवाना चाहती हैं, तो वे उनकी बात का सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि कई बार गलत सवाल पूछे जाते हैं या गलत एंगल से तस्वीरें ली जाती हैं, जो असहज कर देता है। हुमा ने जोर दिया कि इंडस्ट्री में प्राइवेसी का कुछ हद तक उल्लंघन होता है, लेकिन सम्मान और सीमाएं बनाए रखना बेहद जरूरी है।

