ग्वालियर:पूर्व मंत्री के दामाद ने मप्र पर्यटन विकास निगम के होटल में 15 लाख की सोने की चेन खोने का दावा किया. इसे लेकर होटल में जमकर हंगामा हुआ, पुलिस पहुंची और चेन को तलाशने के प्रयास शुरू किए गए. घंटों की मशक्कत के बाद भी चेन नहीं मिली. इसी बीच खबर आई की चेन घर में रखे एक कोट की जेब में मिली है. इसके बाद पुलिस और होटल प्रबंधन ने राहत की सांस ली. मुरैना जिले के दिमनी क्षेत्र से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री गिर्राज डंडोतिया की बेटी की शादी थी.
जिसमें शामिल होने के लिए उनके दामाद शिवम पलिया अपने दोस्तों के साथ आए थे, सभी मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल तानसेन रेजिड़ेंसी के रूम नंबर-211 में रुके थे. विदा होने के बाद जब बाराती अपने घर जा रहे थे, तभी अचानक खबर फैली कि दामाद शिवम पलिया की 15 लाख रुपये की सोने की चेन कमरे से गायब है. इसके बाद होटल में हंगामा शुरू हो गया.
कीमती सोने की चेन खोने की सूचना पर टीआई शैलेन्द्र भार्गव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए. चार संदेहियों से पूछताछ भी गई. करीब चार घंटे तक चली जांच के बीच पूर्व मंत्री के परिजनों ने खबर दी कि चेन घर में एक कोट की जेब में मिल गई है. बताया गया कि किसी बच्चे ने चेन कोट की जेब मे डाल दीं थी, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी. इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल रोकी.
