शिवपुरी: शिवपुरी में रात को लूट के उद्देश्य से घर में घुसे बदमाशों ने आरक्षक की मां की हत्या कर दी। बदमाशों ने सरिया मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे हुए कुछ जेवरात बरामद किए है। जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। फिलहाल पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।
यह मामला करेरा थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर का है। मृतका अपने कमरे में सो रही थीं और पति विष्णु पुरी पास के कमरे में सो रहे थे। सुबह उन्होंने देखा कि पत्नी चारपाई पर मृत पड़ी है, सिर से खून बह रहा है और मंगलसूत्र, टॉप्स, चूड़ी व तोड़िया गायब थे। घर के कमरे टूटे हुए मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में सामने आया कि आरोपियों को शंका थी कि परिवार ने हाल ही में धान की फसल बेची है और उसके पैसे घर पर रखे हुए हैं।
इन्हीं पैसों को चोरी करने के इरादे से आरोपी रात में घर में घुसे थे। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उसने अपने गांव के आरोपी को पहचान लिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से उसकी सरिया से हत्या कर दी गई। घर में पैसे न मिलने पर आरोपियों ने जेवरात और कुछ नगदी चोरी की और फरार हो गए थे। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी बल्लू उर्फ नंदराम रावत और जयराम पुरी को गिरफ्तार किया है।
