कम ब्याज पर नया लोन दिलाने का झांसा, स्कूल संचालक से 52 लाख की धोखाधड़ी

इंदौर. हीरानगर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक और स्थानीय बीजेपी नेता को कम ब्याज पर नया लोन दिलाने का भरोसा देकर बड़ी रकम ठग ली गई. तीन आरोपियों ने स्कूल के दस्तावेज और चेक हासिल कर 47 लाख से ज्यादा रकम अपने नजदीकी खाते में डलवाकर लगभग 52 लाख की धोखाधड़ी कर दी.

जानकारी के अनुसार मदर लैंड स्कूल के संचालक के परिवार ने एलआईजी क्षेत्र स्थित निजी बैंक में करंट खाता खोल रखा था, जिसके माध्यम से 2022 में 85 लाख रुपए का लोन लिया था. वर्षों से किस्तें नियमित जमा हो रही थीं. इसी दौरान दो आरोपित एक पिता और उसका बेटा संपर्क में आए. पिता ने बताया कि उसका बेटा बैंक की शाखा में असिस्टेंट मैनेजर है और कम ब्याज पर नया लोन दिलवा सकता है. बेटे ने स्कूल से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज, समेत चेक अपने पास रख लिए और नया ओवरड्राफ्ट (ओडी लिमिट) जारी होने की बात कहकर विश्वास जगा दिया. उसने यह भी कहा कि पुराना लोन बंद करके नया लोन कम ब्याज दर पर समायोजित कर दिया जाएगा. बाद में 5 लाख रुपए तुरंत भुगतान की मांग भी की. नई प्रक्रिया का भरोसा देकर वह दस्तावेज और चेक लेकर गायब होते गए, कुछ समय बाद पुराने लोन की ईएमआई संबंधी संदेश आना बंद हो गए, जिससे परिवार को लगा कि ओडी लोन जारी हो चुका है. लेकिन बैंक से वसूली नोटिस पहुंचा तो पता चला कि पुराना लोन बंद ही नहीं हुआ है. जांच में सामने आया कि लोन की रकम में से 47 लाख रुपए शिवम सोनी नामक ज्वेलर्स संचालक के करंट अकाउंट में ट्रांसफर किए है. आरोप है कि तीनों ने साजिश कर पूरी राशि का उपयोग अन्य संपत्तियां खरीदने में किया. कई बार संपर्क की कोशिश नाकाम होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने पिता पुत्र और ज्वेलर्स संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

Next Post

नईगढ़ी नगर परिषद में सियासी घमासान, नई पीआईसी से तीन पार्षदो का किनारा

Thu Dec 11 , 2025
रीवा। मऊगंज जिले की नईगढ़ी नगर परिषद में पिछले दो-तीन महीनों से जारी सियासी घमासान अब और गहरा गया है. नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता के खिलाफ 15 में से 12 पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव दायर किए जाने के बाद अब चोरी-छिपे गठित नई पीआईसी यानी स्थाई समितियों ने विवाद […]

You May Like