
भोपाल: प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के निर्देश पर ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स्ड एवं अस्थायी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने उद्यमिता विकास निगम (शेडमेप) कार्यालय में प्रदर्शन कर प्रबंधन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मूलभूत एवं वैधानिक समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। इस दौरान आशीष सिसोदिया, प्रकाश पुंज, राम द्विवेदी और दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन भुगतान में देरी तथा ईएसआईसी, पीएफ, बोनस और ग्रेच्युटी के अनियमित प्रावधान का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे आर्थिक असुरक्षा की स्थिति में हैं।
मोर्चे की मुख्य मांगों में समय पर वेतन प्रदाय, वैधानिक सुविधाओं का पारदर्शी भुगतान, सुरक्षित एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण और जवाबी तथा जिम्मेदार तंत्र की स्थापना शामिल है। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी।
