इंदौर: दिग्विजय नगर मल्टी में रहने वाले 35 वर्षीय युवक ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लिया. गंभीर रूप से जलने के बाद उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. द्वारकापुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.मृतक सुमित सोलंकी, पिता मांगीलाल, पेशे से मिस्त्री था. रविवार रात करीब 10 बजे उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर कमरे में खुद को आग लगा ली थी, चीख पुकार सुनकर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा था.
घटना के समय सुमित की पत्नी और तीनों बच्चे घर में ही मौजूद थे. छोटी बेटी ने कमरे से धुआं निकलता देखा और पिता को जलते हुए पाया, जिसके बाद उसने तुरंत मां को बुलाया. सुमित के भाई दीपक ने पुलिस को बताया कि घटना से करीब आधा घंटा पहले उसकी फोन पर बात हुई थी. सुमित ने माता पिता से बात कर घर आने का कहा था. इसके कुछ देर बाद हादसे की जानकारी मिली. परिवार ने किसी आर्थिक संकट, बीमारी या अन्य कारण से इंकार किया है. चूंकि सुमित बयान देने की स्थिति में नहीं था, इसलिए पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त करके आत्मदाह की वजह की जांच शुरू कर दी है.
