सिंगरौली : जिले में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड ने अचानक कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आज सुबह से ही करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। हवा के कारण दिन में भी ठंड का अहसास बना हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।बीते कुछ दिनों से जिले में रात के तापमान में लगातार कमी आ रही है।
ठंडी हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे देर रात और अलसुबह कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में तापमान और लुढ़क सकता है, खासकर रात के समय ठंड और तीखी होने की संभावना है।ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह-सुबह ठंडी हवा और हल्के कोहरे के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। खेतों में काम करने वाले किसान, मजदूर और स्कूल जाने वाले बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही है। कई जगहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आ रहे हैं, वहीं बाजारों में ऊनी कपड़ों और गर्म वस्त्रों की खरीदारी बढ़ गई है।
तेज हवा के चलते बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। चिकित्सकों ने सर्दी-खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्या से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवा से खुद को सुरक्षित रखें। मौसम विभाग के मुताबिक यदि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी रही, तो सिंगरौली जिले में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर और गहरा सकता है। ऐसे में प्रशासन से भी रैन बसेरों, अलाव और अन्य आवश्यक इंतजामों को मजबूत करने की मांग उठ रही है।
