आईपीएल 2026 के पहले शार्दुल ठाकुर को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड करके टीम में शामिल किया है। शार्दुल ने रोहित शर्मा के साथ बीते हुए पल को याद किया।
आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स से मुंबई इंडियंस में दो करोड़ रुपये में ट्रेड किए गए भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर का कहना है कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें हमेशा खुलकर खेलने की स्वीकृति दी थी, जिससे उनका आत्मविश्वास और प्रदर्शन दोनों ही बेहतर हुए। इस साल इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 34 वर्षीय तेज गेंदबाज शार्दुल का मानना है कि मुंबई इंडियंस में अपनी वापसी से वह पुराने अच्छे दिनों को फिर से जीने की उम्मीद रखते हैं।
आईपीएल में अपने शुरुआती सफर को याद करते हुए शार्दुल ठाकुर ने बताया कि कैसे 2010 में मुंबई इंडियंस (MI) के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनना उनके करियर के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हुआ। शार्दुल ने 2026 में फिर से इस फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर उत्साह जताया है और दिग्गज खिलाड़ियों के साथ बिताए शुरुआती पलों को सबसे यादगार बताया।
