जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत लक्ष्मीनारायण परिसर नशा मुक्ति केन्द्र के पास अमखेरा में निर्माणाधीन मकान में पुताई करते समय करंट लगने से युवक की मौत हुई थी। जांच में यह बात सामने आई कि नवनिर्मित मकान में पुताई के कार्य के दौरान कोई भी सुरक्षा उपकरण एवं साधन मृतक को प्रदान नहीं किए गए। लापरवाही के चलते हादसा हुआ था, पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि लक्ष्मीनारायण परिसर नशा मुक्ति केन्द्र के पास अमखेरा में 13 नवंबर को हिमांशु बर्मन 19 वर्ष की करंट लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया जिसमें यह बात सामने आई कि धनीराम रजक के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां पर धनीराम के द्वारा कोई बिजली कनेक्शन नहीं लिया गया था, पुताई के लिए पड़ोस के रोहित चौधरी के घर से बिजली कनेक्शन तार के माध्यम से लिया गया था और पुताई के दौरान हिमांशु को करंट लग गया था जिससे हिमांशु बर्मन निवासी बादा नगर अमखेरा की मौत हो गई थी।
