जम्मू, 05 दिसंबर (वार्ता) जम्मू एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस की 11 उड़ानों के रद्द होने के बाद सैकड़ों यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया।
एयरलाइंस में पायलट-रोस्टरिंग की दिक्कतों के कारण इंडिगो एयरलाइंस को देशभर में लगातार रुकावटों का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरलाइंस ने नागरिक उड्डयन महानिदेशक (डीजीसीए) को बताया है कि उसे 10 फरवरी तक ऑपरेशन के सामान्य होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा, “एयरलाइंस में चल रहे संकट के कारण जम्मू एयरपोर्ट से कुल 11 इंडिगो उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।”
उन्होंने कहा कि बाकी उड़ानें सुचारू रूप से और सामान्य तरीके से ऑपरेट हो रही हैं। जम्मू से इंडिगो की उड़ानें दिल्ली, मुंबई, इंदौर और बैंगलोर को जाेड़ती हैं। एयरपोर्ट पर एक यात्री ने कहा, “हमें उड़ानों के रद्द होने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।”
अधिकांश श्री माता वैष्णो देवी के तीर्थयात्री थे। वे कटरा से जम्मू एयरपोर्ट आए थे। छात्र और सेना के जवान अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंडिगो उड़ानों के बारे में पूछताछ करते दिखें।
बेंगलुरु के एक यात्री ने कहा, “हमें इस संकट के कारण परेशानी हो रही है और दूसरी एयरलाइंस के टिकट के दाम आसमान छू रहे हैं, जो लगभग हमारी पहुंच से बाहर हैं।”
