भदोही, 04 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गौरव अंतर्राष्ट्रीय धावक एवं बीएसएफ में डिप्टी कमांडेंट पद से सेवानिवृत्त मुरलीधर का स्वास्थ्यगत कारणों गुरुवार को निधन हो गया।
उनके निधन की सूचना पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक स्वयं उनके पैतृक गांव मदनपुर, गोपीगंज पहुंचे। वहां दोनों अधिकारियों ने मुरलीधर के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने कहा “मुरलीधर जी का देहावसान जनपद के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने देश की सीमा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया।”
सेवानिवृत्ति के बाद भी मुरलीधर जी खेलों के प्रति अत्यंत समर्पित रहे। वे अपने मिशन के माध्यम से खेलों में नई क्रांति लाने तथा ओलंपिक खेलों में अधिकाधिक पदक दिलाने की दिशा में निरंतर सक्रिय प्रयास कर रहे थे। वे हमेशा युवाओं को खेल, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते थे। सेना व अर्धसैनिक बलों में भर्ती की तैयारी करने वाले युवा उन्हें अपना आदर्श और मार्गदर्शक मानते थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “मुरलीधर जी का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”
