नयी दिल्ली 4 दिसम्बर (वार्ता) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली को साफ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। श्री सूद ने आज हरि नगर विधानसभा के वार्ड संख्या 99 में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी मंत्री और विधायक दिल्ली भर में नियमित रूप से ऐसे स्थानों का दौरा कर निरीक्षण रहे हैं जहां पर साफ सफाई, कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है ताकि कचरा समय पर उठे, नागरिकों को होने वाली असुविधा कम हो और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो।
श्री सूद ने कहा कि दिल्ली को साफ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। हम चाहते हैं कि ऐसी सुविधाएँ विकसित हों जिससे कचरा फेंकने, इकट्ठा होने और स्रोत्र पर ही कूड़े के अलगाव की सुविधा हो सके। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार का फोकस टकराव नहीं बल्कि समन्वय और समाधान पर है। उन्होंने कहा की पिछली सरकारों की तरह अब नगर निगम और राज्य सरकार के बीच लड़ाई नहीं बल्कि सहयोग की संस्कृति है। शहरी विकास विभाग आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम को आर्थिक सहायता और संसाधन उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग देगा। श्री सूद ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया दिल्ली सरकार दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ, सुविधाजनक और आधुनिक बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है और इस मिशन में दिल्ली के सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। हम दिल्ली के नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

