शिवपुरी: शहर के वार्ड 33 में एसआईआर का 93 फीसदी काम पूरा होने के बाद महिला बीएलओ को अचानक पैरालिसिस अटैक पड़ गया। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भर्ती कराया है। परिजन का कहना है कि टाइफाइड होने पर डॉक्टर ने 14 दिन आराम की सलाह दी थी लेकिन एसआईआर के लिए 7 दिन में ही काम पर बुला लिया। वे रात में डाटा अपलोड करती थीं। उक्त महिला नगर पालिका की सीओ हैं।
नवाब सहाय रोड निवासी ज्योति नामदेव पुत्री मंगलसिंह नामदेव की वार्ड 33 में एफआईआर में बीएलओ की ड्यूटी है। भाई पुष्पेंद्र नामदेव का कहना है कि ज्योति ने अपना एसआईआर का 93 फीसदी काम पूरा कर लिया। लेकिन बीती रात अचानक पानी पीने में दिक्कत हुई। सुबह नींद खुली तो आधा मुंह लटका हुआ था।
इलाज कराने मेडिकल कॉलेज शिवपुरी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने पैरालिसिस अटैक बताया और भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। ज्योति नगर पालिका शिवपुरी में सीओ के पद पर पदस्थ हैं। वे पोर्टल पर डाटा अपलोड करने रात 3 बजे तक जागती थी जबकि डॉक्टर ने 14 दिन तक बेड रेस्ट करने की सलाह दी थी। लेकिन एसआईआर के लिए 7 दिन में काम पर ही बुला लिया। काम का प्रेशर अधिक था।
