रायपुर वनडे में बड़ी सुरक्षा चूक देखने को मिली, जब एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे विराट कोहली तक पहुंच गया। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर बाहर ले जाया।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान टी ब्रेक में एक चौंकाने वाली घटना हुई। जब विराट कोहली क्रीज पर मौजूद थे, तभी एक युवक अचानक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए मैदान के बीच पहुंच गया। यह नजारा देखकर कुछ पल के लिए सभी हैरान रह गए। युवक का इरादा सिर्फ कोहली तक पहुंचने का था, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया। बाउंसर उसे कंधे पर उठाकर मैदान के बाहर ले गए, जिससे किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं हुई। इस घटना ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।
