नई दिल्ली, 03 दिसंबर, 2025: ‘करो या मरो’ के मुकाबले में विदर्भ ने मंगलवार को केरल के किले को पहली बार ध्वस्त करते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। टॉस जीतकर विदर्भ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और केरल टीम को 164 रन पर समेट दिया। इस जीत के नायक रहे यश ठाकुर, जिन्होंने अपने शानदार स्पैल में 4 ओवर में 5/16 लेकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता। उनके अलावा अध्ययन डागा (3/22) ने भी महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विदर्भ ने यह लक्ष्य 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अथर्व तायड़े ने धैर्यपूर्ण और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। दूसरे छोर से शिवम देशमुख (नाबाद 29 रन), वरुण बिष्ट और ध्रुव शौरी ने भी उपयोगी योगदान दिया। इस जीत के बाद विदर्भ 2 जीत और 8 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुँच गया है।
यश ठाकुर का यह प्रदर्शन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में विदर्भ के किसी गेंदबाज का छठा ‘पांच विकेट हॉल’ है। उनसे पहले, उमेश यादव ने दो बार और दर्शन नलकांडे ने भी दो बार यह कारनामा दोहराया है। विदर्भ अब नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत करने के लिए अपना अगला मुकाबला 4 दिसंबर को असम के खिलाफ खेलेगा।

