ग्वालियर: सकल हिंदू समाज द्वारा आईएएस संतोष वर्मा को सेवा मुक्त कर उनकी संपत्ति की जांच करने की मांग को लेकर 5 दिसंबर को दोपहर 2 बजे कमिश्नरी कार्यालय, विवेकानंद ओवरब्रिज के पास धरना प्रदर्शन के लिए जन जागरण हेतु चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत आज गंगा दास की बड़ी शाला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, पड़ाव पर महामंडलेश्वर महंत श्री रामसेवक दास महाराज के मुख्य आतिथ्य में अनेकों साधु संतों ने बेटियों के सम्मान में अपना समर्थन देने की घोषणा की।
महामंडलेश्वर महंत रामसेवक दास महाराज ने कहा कि सकल साधु संत बेटियों के लिए संघर्ष करने को तैयार है। यदि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दो दिन के अंदर संतोष वर्मा को नहीं हटाया तो महामंडलेश्वर, महंत, साधु, संत संघर्ष करने के लिए 5 दिसंबर को धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे बैठक की अध्यक्षता बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की प्रांतीय संयोजक डॉ श्रीमती वंदना भूपेंद्र प्रेमी ने की।
सकल ब्राह्मण महासमिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि कल 3 दिसंबर को दोपहर 2 बजे श्री राम मंदिर फालका बाजार लश्कर पर सभी समाजों की बैठक आयोजित की गई है जिसमें समीक्षा कर 5 दिसंबर के धरना, प्रदर्शन की जिम्मेदारियां दी जाएगी।
