
खरगोन। जिले में बने अवैध हथियारों को तस्करों के माध्यम से खरीदने वाले मुख्य सरगना तक पुलिस ने पहुंचने में सफलता हासिल की है। थाना बेड़िया पुलिस ने दो माह पहले जाकिर अली निवासी सारंगपुर जिला राजगढ़ को 15 नग देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी जाकिर ने बताया था, कि उसे सुरेन्द्र निवासी बिजीपुरा नवाखेडा सारंगपुर जिला राजगढ ने हथियार खरीदने भेजा था। इस पर पुलिस ने मुख्य खरीददार सुरेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपये का ईनाम घोषित किया था। इस ईनामी आरोपी को पुलिस ने दो माह बाद गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 21.सितंबर को जाकिर अली निवासी सारंगपुर जिला राजगढ़ को पुलिस ने 15 नग देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान आए तथ्यों के अनुसार जानकारी लगी थी कि उक्त अवैध हथियारों को सुरेंद्र नाम के व्यक्ति के कहने पर खरीदा गया था। इस मामले में सुरेंद्र को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस रिकार्ड खंगालने पर सुरेंद्र के पूर्व से 09 के मामले पंजीबद्ध होना पाया गए थे। सुरेंद्र शातिर प्रवृत्ति के होकर अपने रहने के ठिकाने बार-बार बदल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, परिणामस्वरूप दो माह से फरार चल रहा सुरेंद्र पिता माधवसिंह जाति सोंधिया निवासी बिजीपुरा नवाखेडा तह.सारंगपुर जिला राजगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
