इंदौर:नेहरू नगर स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी में दवा वितरण में गंभीर लापरवाही सामने आई है. बीमाधारक मरीज को एक्सपायर आई ड्रॉप दे दिया. जिसे उसने उपयोग से पहले घर पर देखते ही रोक लिया.कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा संचालित नेहरू नगर डिस्पेंसरी से दवा लेने पहुंचे एक बीमाधारक मरीज को आंखों का ऐसा ड्रॉप दे दिया गया, जिसकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी . मरीज ने घर लौटकर जब दवा की तिथि जांची तो पता चला कि ड्रॉप एक्सपायर हो चुका है.
इसके बाद वह अगले दिन डिस्पेंसरी पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत सुनने के बाद महिला कर्मचारी ने बताया कि संबंधित दवा पूर्व कर्मचारी ‘खान साहब’ ने वितरित की थी. बताया गया कि खान साहब सेवा निवृत्त होने के बावजूद डिस्पेंसरी में पहले की तरह काम में लगे हुए हैं. मरीज ने सवाल उठाया है कि ऐसी स्थिति में दवा वितरण की जिम्मेदारी किसकी है और एक्सपायर दवा जैसी गंभीर चूक कैसे हो सकती है. बीमाधारकों की सुरक्षा को लेकर इस तरह की लापरवाही पर विभागीय जांच की मांग भी उठ रही है.
