
नई दिल्ली, 25 नवंबर, 2025: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले की दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट लेते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इन दो विकेटों के साथ रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना 50वाँ विकेट पूरा किया। गुवाहाटी में चल रहा यह मैच जडेजा का साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11वाँ टेस्ट है, और 19 इनिंग्स में उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया है।
टॉप 5 भारतीय गेंदबाजों की सूची में शामिल
इस अर्धशतक के साथ, रवींद्र जडेजा भारत के टॉप बॉलर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। वह अनिल कुंबले (84 विकेट), जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन के बाद पाँचवें ऐसे भारतीय बॉलर हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कम से कम 50 साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को आउट किया है। इस लिस्ट में कुल 10 गेंदबाज हैं, जिसमें भारत और साउथ अफ्रीका के पाँच-पाँच गेंदबाज शामिल हैं।
भारत में अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब
जडेजा ने अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत में खेले गए नौ टेस्ट मैचों की 17 इनिंग्स में 44 विकेट लिए हैं। यदि वह मौजूदा मैच में कम से कम तीन और विकेट ले लेते हैं, तो वह रविचंद्रन अश्विन (46 विकेट) को पीछे छोड़कर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच भारत में हुए टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बॉलर बन जाएंगे।
