
11 नामजद समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को बनाया गया आरोपी
जबलपुर। गोराबाजार तिराहा के पास रोड पर लगे लोहे की ट्रेस बीम गिरने से अक्टूबर माह में घायल की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने स्टेट हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम किया था। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बावजूद भी आवागमन को अवरुद्ध किया गया। जिस पर गोराबाजार पुलिस ने चक्काजाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जिसमें 11 नामजद समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है।
विदित हो कि टेमर भीटा निवासी जुगराज पटेल अक्टूबर माह में मोटर सायकिल से किराना सामान खरीदने भीटा से सदर बाजार गया था। गोराबाजार तिराहा के पास रोड पर लगी लोहे की ट्रस बीम जुगराज पटेल के सिर के उपर गिर गई थी जिससे जुगराज पटेल को गंभीर चोटें आ गई थी। जांच के बाद पुलिस ने आजाद चौक गौराबाजार में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष, आयोजक ओपी अग्रवाल, अरुण कोरी के के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। जांच में पाया गया था कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के पश्चात रोड पर लगाई गई लोहे की ट्रेस बीम को हटाया नहीं गया था और लापरवाही पूर्वक लगा रहने दिया गथा जबकि चलता हुआ मार्ग था। रविवार को घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशिजनों ने हादसे के जिम्मेदारों पर आगे की कार्रवाई और मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपए का मुआवजा की मांग पर अड़ गए थे। मृतक जुगराज के शव को सडक़ के बीचों बीच रखकर चक्का जाम करते हुए स्टेट हाईवे के दोनों और के यातायात को अवरुद्ध कर दिया गया और लगभग डेढ घंटे सडक को जाम करके रखा गया जिससे वहां से गुजरने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों एवं सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टीआई एवं पुलिस स्टॉफ ने आक्रोशिजनों से चक्का जाम खोलने एवं यातायात को चलने देने की समझाइश दी थी। लेकिन गुस्साएं लोग नहीं माने। जिसके बाद वरिष्ट अधिकारियों को सूचना दी गई थी साथ ही ं अतिरिक्त बल आस पास के थानों से बुलाया जाकर व्यवस्था बनाई गई। लगभग डेढ घंटे के बाद आवागमन शुरू हो सका था।
इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज
डेढ़ घंटे चक्काजाम करने पर पुलिस ने बृजेश पटेल पिता लख्कू पटेल, सत्यम पटेल पिता फागू पटेल, बन्टू पटेल पिता रज्जन पटेल, जित्तू पटेल पिता गुड्डू पटेल, अन्नू पटेल, महेश पटेल, जुगल पटेल, बड्डा यादव पिता रज्जन यादव, मनोज पटेल, उमेश पटेल, भूरा पटेल पिता सुखदिन पटेल एवं अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
