
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मेहनत व समर्पण से ही जीवन में लक्ष्य की प्राप्ति संभव है. उन्होंने कहा कि जीवन में शार्टकट का कोई स्थान नहीं है. लक्ष्य को निर्धारित कर पूरे मनोभाव से कार्य करने पर ही सफलता मिलती है. उप मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में 10 मीटर शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया. उन्होंने पिस्टल एवं राइफल से शूटिंग लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा.
स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं व खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स की स्थापना से खिलाडिय़ों को एक ही स्थान पर विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रैक्टिस की सहूलियत मिली है. बड़े शहर में खेल के लिए स्पोर्ट्स काम्पलेक्स अत्यंत आवश्यक है. रीवा का स्पोर्ट्स काम्पलेक्स भी इस कमी को पूरा कर रहा है. उन्होंने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग ले रहे खिलाडिय़ों से आह्वान किया कि पूरे मनोयोग से अपने खेल में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना व अपने शहर का नाम रोशन करें. उन्होंने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में अनवरत चल रही विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए संभागीय खेल अधिकारी के समर्पण भाव की प्रशंसा भी की. इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा के लिए अद्वितीय उपलब्धि है. उप मुख्यमंत्री जी ने परिश्रम व संकल्प के साथ इसे पूरा कराया जहाँ विभिन्न खेलों की सुविधाएं हैं. जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं जब विकसित रीवा और विकसित विन्ध्य क्षेत्र को देख पा रहे हैं. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का जो विजन देखा उसे पूरा कराया. युवा पीढ़ी इससे सीख ले सकती है कि कड़ी मेहनत और अनुशासन एवं संकल्पशक्ति से ही सफलता प्राप्त हो सकती है. उन्होंने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में बेहतर सुविधाओं के लिए उप मुख्यमंत्री जी को साधुवाद दिया.
खिलाडिय़ों को उप मुख्यमंत्री ने किया पुरस्कृत
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने एमपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स मीट 2025 के विभिन्न खेल गतिविधियों में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया. स्पोर्ट्स काम्पलेक्स के प्रथम तल में साउंडप्रूफ 10 मीटर शूटिंग रेंज की स्थापना की गई है जो आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है. इसी प्रकार मुख्य द्वार पर सनबोर्ड एवं मुख्य भवन की दीवार में इलेक्ट्रिक बोर्ड लगाया गया है जिससे स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में और निखार आएगा. इस अवसर पर संभागीय खेल अधिकारी एमक धौलपुरी, अतुल जैन, विक्रम सिंह, कार्यपालन यंत्री डीएस त्रिपाठी उपस्थित रहे.
