
जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम जबलपुर द्वारा ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता अभियानों की श्रृंखला निरंतर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को संभाग क्रमांक 1 के वार्ड क्रमांक 3 त्रिपुरी अंतर्गत पिसनहारी की मढ़िया क्षेत्र में ‘स्वतंत्रता सेनानी सम्मान एवं स्वच्छता रैली ‘का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा के बाद क्षेत्र में एक वृहद स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से निगम अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने वार्डवासियों को स्वच्छता के विभिन्न आयामों के प्रति जागरूक किया।
