इंदौर: भंवरकुआं क्षेत्र स्थित वेदा लाइब्रेरी में पढ़ाई के दौरान मामूली विवाद बड़ा झगड़ा बन गया. पंखा चालू करने को लेकर तीन युवकों ने छात्र को गाली-गलौज कर हमला कर दिया, जिससे वह सिर में घायल हो गया.भंवरकुआं थाना क्षेत्र की वेदा लाइब्रेरी, गिरिराज बिल्डिंग के पीछे विष्णुपुरी में पढ़ाई कर रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया है.
23 वर्षीय सुमित चौधरी निवासी इंदपुरी कॉलोनी मूल निवासी बड़नगर, उज्जैन ने पुलिस को बताया कि वह लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गया था. इस दौरान लाइब्रेरी में मौजूद सैनिल रघुवंशी, आदित्य शर्मा और रितिक दांगी से पंखा चालू करने को लेकर कहासुनी हो गई, इस दौरान तीनों युवक पहले अश्लील गालियां देने लगे, जिसका सुमित ने विरोध किया तो उन्होंने हाथ-मुक्कों से हमला किया. झूमाझटकी के दौरान आदित्य शर्मा ने धक्का दिया, जिससे सुमित का सिर चढ़ाव से टकरा गया और उसे चोट आई. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आदित्य शर्मा, रितिक दांगी और सैनिल रघुवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
