मुरैना/श्योपुर:कूनो नेशनल पार्क से भागे चीते ने मुरैना जिले के रामपुर क्षेत्र में घुसकर किसानों की 16 पालतू भेड़-बकरियों को मार डाला। पशुओं को शिकार बनते देख एक किसान डरकर भागा और गिरने से घायल हो गया। पीड़ित किसानों ने पुलिस थाने में आवेदन देकर मुआवजे की गुहार लगाई है। वन विभाग ने नियमानुसार मुआवजा प्रकरण बनाने की बात कही है।
ग्राम जसलावनी निवासी महिपत बघेल और ग्राम नन्द का पुरा निवासी भागीरथ बघेल जुगती पुरा खिरकाई पर अपनी भेड़-बकरियां रखते हैं। भागीरथ का भाई वासुदेव बकरियों को देखने पहुंचा। वहां चीता भेड़-बकरियों का शिकार कर रहा था। यह देख वासुदेव जान बचाने के लिए भागा, तो हड़बड़ी में गिर गया। इससे उसके घुटने में चोट आई है।पीड़ित किसान वासुदेव के अनुसार, उसने अपनी आंखों से सारा नजारा देखा है।
चीता के द्वारा ही उसके और दूसरे किसान की भेड़-बकरियों का शिकार किया गया था। उसने बताया कि चीता को शिकार करते देख वह अपनी जान बचाने भागा तो आगे खिरकाई पर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। चीता द्वारा पालतू भेड़-बकरियों के शिकार के बाद दोनों पीड़ित किसान रामपुर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायती आवेदन दिया। पीड़ितों की मांग है कि उनको उनकी भेड़-बकरियों के शिकार का मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
