
शाजापुर। नवंबर माह से ही मौसम के बदले तेवरो से लोगों का सामना हो रहा है. मौसम कभी सर्द हो रहा है तो कभी सर्दी कम हो रही है. शुक्रवार को भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली. मौसम विभाग की माने तो आगामी एक सप्ताह तक मौसम परिवर्तन की संभावना नहीं है.
जबकि इस माह की शुरूआत तीखी सर्दी से हुई थी, इस दौरान तापमान काफी नीचे चला गया था. वहीं कोहरा छाने से लोगों को सुबह और शाम ही नहीं बल्कि दिनभर सर्दी का एहसास हो रहा था. गुरूवार रात को भी मौसम का मिजाज सर्द बना हुआ था, लेकिन शुक्रवार से सर्दी के तेवर कम हुए हैं. इस दिन अधिकतम तापमान 29.3 न्यूनतम 10.7 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 28.4 व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री था. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि आगामी एक सप्ताह यानि आठ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और तापमान कम होने की संभावना नही है. यह जरूर है कि तापमान में एकाध डिग्री उछाल आए. दिसंबर के पहले सप्ताह से फिर सर्दी अपना असर दिखाएगी.
शीतलहर भी थमी, छाया रहा कोहरा…
दो दिन पहले सर्द हवाओं की वजह से भी लोगों को ठिठुरना पड़ रहा था. शुक्रवार को शीतलहर का असर भी देखने को नहीं मिला और धूप में भी तेजी रही. हालांकि इस दिन हवाओं की गति जरूर 11 किमी प्रति घंटा रही लेकिन हवाओं से ठंडक नदारद थी जिससे लोगों को सर्दी का एहसास कम हुआ. यह जरूर है कि सुबह.सवेरे मामूली कोहरा जरूर छाया हुआ था जिससे लोगों को सुबह सर्दी का एहसास हो रहा था.
