जबलपुर: शहर में यातायात पुलिस द्वारा लगभग 15 दिनों तक चले जागरूकता अभियान के बावजूद हेलमेट न पहनने वाले चालकों के अंदर जागरूकता नहीं आई है। जिसका परिणाम यह है कि अभियान खत्म होने के बाद 6 नवंबर से 19 नवंबर 2025 तक कुल 5000 वाहनों पर चालानी कार्यवाही करते हुए कुल 15 लाख रूपये का जुर्माना वसूला गया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय म.प्र. भोपाल के आदेशानुसार 22 अक्टूबर से 5 नवंबर 2025 तक दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने की जागरूकता के लिए 70 कार्यक्रम संचालित किए गए थे। स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक और सरकारी संस्थानों में छात्र-छात्राओं और आम जनता को यातायात नियमों एवं हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
12 स्कूली वाहनों की चेकिंग कर कार्रवाई
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात बैजनाथ प्रजापति के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्कूलों में स्कूली वाहनों की चैकिंग की गई। जिसमें सेंट अलासियस स्कूल, काईस्च चर्च स्कूल, शासकीय कन्या शाला करौदीग्राम रांझी में लगभग 40 बस, वेन और ऑटो सहित वाहन चेक किए गए। चैकिंग के दौरान 2 वाहनों में गैस किट की कमी पाई गई और कुल 12 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किए गए। इसके साथ ही कन्या शाला करौदीग्राम में वाहनों के चालकों की शराब जांच ब्रीथ एनालाइज़र से की गई। जांच के दौरान कोई भी चालक शराब के नशे में नहीं पाया गया।
