गुवाहाटी, 19 नवंबर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका ने भारत के ख़िलाफ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को अपने दल में शामिल किया है।
इससे यह संकेत मिलता है कि उनके प्रमुख तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा अभी पूरी तरह से फ़िट नहीं हुए हैं, जो कि पसलियों की चोट के कारण कोलकाता टेस्ट में भी नहीं खेल पाए थे। इस दौरे पर टीम के दूसरे तेज गेंदबाज़ी विकल्प मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश और वियान मुल्डर हैं।
एनगिडी अब तक अपने करियर में 20 टेस्ट खेल चुके हैं, लेकिन जनवरी 2024 में भारत के ख़िलाफ केपटाउन टेस्ट का हिस्सा बनने के बाद सिर्फ़ तीन ही टेस्ट खेल पाए हैं। उनका आख़िरी लाल गेंद का मैच जून में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल था, जहां दक्षिण अफ्रीका विजेता बनकर उभरी थी। भारत में उन्होंने सिर्फ एक टेस्ट खेला है, जहां 2019 के रांची टेस्ट में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।
वह हाल ही में अक्टूबर और नवंबर में पाकिस्तान में दक्षिण अफ्रीका की वनडे और टी20 सीरीज का हिस्सा थे। पिछले सप्ताह उन्होंने टाइटंस के लिए सीएसए टी20 चैलेंज का एक मैच भी खेला।
कोलकाता टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज़ों ने 40 ओवर फेंके और छह विकेट लिए, जिससे टीम ने 2010 के बाद भारत में अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की।कोलकाता की पिच ने तेज गेंदबाज़ों को अच्छी मदद दी थी, लेकिन गुवाहाटी में पिच कैसा होगा, यह अभी साफ नहीं है। यह गुवाहाटी के मैदान में पहला टेस्ट होगा।

