
रीवा। किसानों से विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी एक दिसम्बर से प्रारंभ हो रही है. उत्तरप्रदेश की लगी सीमा से खरीदी केन्द्रों में धान एवं मोटे अनाजों की आवक को रोकने के लिए अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं. इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एसडीएम त्योंथर और जवा को निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा है कि निर्धारित स्थलों में स्थापित चेकपोस्ट में जिले में उत्तरप्रदेश से आने वाले सभी वाहनों की सघन जांच करें. इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित करें जिससे धान एवं मोट अनाजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके. जाँच के दौरान अवैध रूप से जिले के बाहर की धान जिले के खरीदी केन्द्रों में आना पाए जाने संबंधित कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें. कलेक्टर ने बताया कि तहसील त्योंथर में चाकघाट से प्रयागराज मार्ग में वन विभाग जांच नाका चाकघाट में स्थापित किया गया है. वहीं त्योंथर से शंकरगढ़ मार्ग में पटहट चौकी के पास, नारीबारी से मागी मार्ग में भंडफोड़ तिराहा तथा डीही से बसहट मार्ग में पथरपुरा तिराहा मूरी में अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित किया गया है. चिराव से सोनौरी मार्ग में चिराव तिराहा, मागी समरोल तिराहा में एमपी यूपी बार्डर मागी तथा ककरहा से बरछा मार्ग में ककरहा में अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित किया गया है. जवा तहसील में रामबाग से बरगढ़ मार्ग में देवी तिराहा घूमन रोड और घूमन से डभौरा मार्ग में चुनेगी गाव तिराहा में अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित किया गया है.
