मातारानी को अर्पित आभूषण मंदिर समिति तक नहीं पहुंचे


सतना : मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मातारानी को सोने-चांदी के आभूषण और श्रंगार का सामान अर्पित तो किया गया, लेकिन वह सामग्री मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति को प्राप्त ही नहीं हुई. इस संबंध में श्रद्धालु द्वारा शिकायत की गई थी. जिसके आधार पर मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति मैहर के प्रशासक द्वारा प्रधान पुजारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.

जबलपुर निवासी दानदाता संजय सिंह पटेल द्वारा 22 अक्टूबर को मैहर देवी मंदिर में मातारानी को 2 किलो वजनी चांदी का छत्र, चांदी का मुकेट और सोने की नथ अर्पित की गई थी. लेकिन श्रद्धालु द्वारा मातारानी को अर्पित की गई उक्त सामग्री मंदिर समिति के कोष में जमा नहीं हुई. जिसे देखते हुए श्रद्धालु द्वारा उसी दिन फोन करते हुए मामले की शिकायत कलेक्टर मैहर रानी बाटड को दे दी गई थी.

शिकायत सामने आने पर कलेक्टर द्वारा मामले की जांच शुरु कराई गई. जांच में प्रथमदृष्टया इस बात की पुष्टि हुई कि 22 अक्टूबर को अपरान्ह 2 बजकर 55 मिनट पर दानदाता द्वारा सफेद रंग के प्लास्टिक के बैग में 2 किलो वजनी चांदी का छत्र, चांदी का मुकुट और सोने की नथ अर्पित किया गया था. लेकिन इसके बावजूद भी वह सामग्री मंदिर समिति को प्राप्त नहीं हुई. इस तरह की घटना सामने आने से एक ओर जहां मातारानी का दर्शन करने के आने वाले श्रद्धालु भक्त की भावना आहत हुई. वहीं दूसरी ओर मंदिर समिति की गरिमा/छवि भी धूमिल हुई. इस घटना से यह भी स्पष्ट हुआ कि श्रद्धालु भक्तों द्वारा जो भी कीमती आभूषण सोना-चांदी और श्रंगार सामग्री को दान में अर्पित किया जाता है वह भी मंदिर समिति को प्राप्त नहीं हो रहा है.
 अब तक 3 नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक द्वारा मंदिर के प्रधान पुजारी पवन कुमार शास्त्री को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासक द्वारा इस संबंध में अब तक 3 नोटिस जारी की जा चुकी हैं. लेकिन इसके बावजूद भी प्रधान पुजारी की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है

Next Post

पहचान छिपाकर व्हाट्सएप से कर रहा था परेशान

Mon Nov 17 , 2025
सतना :पहचान छिपाकर व्हाट्सएप के जरिए लडक़ी को अश्लील मैसेज और फोटो भेजने वाले आरोपी की पहचान करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.एसडीओपी नागौद रघु केसरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा थाने में लडक़ी द्वारा शिकायत की गई थी. लडक़ी ने पुलिस को बताया […]

You May Like