मुंबई, 16 नवंबर (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव छोटे और स्थानीय स्तर के चुनाव होते हैं, इसलिए गठबंधन और सीटों के बंटवारे का फैसला जिला नेतृत्व को दिया गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पंचायत समितियों, जिला परिषदों और नगर निगमों के चुनाव पूरी तरह से स्थानीय प्रकृति के होते हैं, इसलिए राज्य नेतृत्व उम्मीदवारों के चयन या गठबंधन के फैसलों में हस्तक्षेप नहीं करता है। स्थानीय परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझने वाले जिला नेताओं को ये फैसले लेने का अधिकार दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर भाजपा ने अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग सहयोगी दलों के साथ गठबंधन किया है। कुछ जगहों पर एक सहयोगी के साथ, कुछ जगहों पर दो के साथ, जबकि कुछ जिलों में नेताओं ने स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। गठबंधन की पूरी तस्वीर अगले दो दिनों में स्पष्ट होने की उम्मीद है।
