रायपुर, 14 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ मीडिया विभाग के प्रमुख प्रवक्ता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद संतोष पांडे ने बिहार चुनाव के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने विकास को चुना, डबल इंजन सरकार पर विश्वास जताया है। परिणाम पहले से ही अनुमानित थे।
उन्होंने कहा, “बिहार चुनाव के जो रुझान आ रहे हैं, यह तो आने ही थे। टिकट घोषणा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी गायब रहे – यही काफी संकेत था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिहार के प्रभारी थे और उनका इतिहास रहा है कि जहां भी चुनाव के प्रभारी बनकर जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार तय होता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड – हर जगह परिणाम सामने हैं।”
श्री पांडे ने कहा कि कांग्रेस में टिकट वितरण की प्रक्रिया भी अव्यवस्थित रही। उन्होंने कहा, “टिकट वितरण से पहले ही एयरपोर्ट के बाहर ज़माबाजार लग गया था। ऐसे में जनता का भरोसा उठना स्वाभाविक है।”
उन्होंने बिहार की जनता, विशेषकर युवाओं और महिलाओं द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिकग गठबंधन (राजग) को समर्थन देने को विकास और स्थिरता के पक्ष में लिया गया निर्णय बताया। श्री पांडे ने कहा “नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार ही बिहार की आने वाली पीढ़ियों की चिंता करने वाली सरकार है। बिहार की माताओं-बहनों और युवाओं ने साफ संदेश दे दिया है कि उनका भविष्य विकास करने वाली सरकार के साथ सुरक्षित है।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “एक तरफ सुशासन की सरकार है, और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री की मां को गाली देने वाले लोग। अभी इन्हें बढ़त मिली भी नहीं थी कि धमकियाँ देना शुरू कर दीं—किसी को नेपाल कर देंगे, किसी को बांग्लादेश कर देंगे। लेकिन बिहार की जनता भ्रम में नहीं आई।”
उन्होंने कहा, “बिहार की जनता ने डबल इंजन सरकार को इसलिए चुना है क्योंकि वह विकास चाहती है। रुझान सबके सामने हैं।”
