भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ऑल इंडिया एनजीओ मीट में कहा कि देश और प्रदेश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक सूत्रबद्ध, नवाचारपूर्ण और प्रभावी आयोजन के लिए कृतसंकल्पित हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे गर्व है कि जनजातीय समाज की सबसे बड़ी आबादी मध्य प्रदेश में बसती है, यह उनका अपना घर है। हमारे जनजातीय भाई-बहन भोलेभाले हैं, लेकिन अपनी संस्कृति के प्रेम से ओतप्रोत होकर जीवन की हर चुनौती का अद्भुत ढंग से मुकाबला करते हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि जब हमारे जनजातीय बच्चे सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर डॉक्टर, इंजीनियर या अधिकारी बनते हैं, तो उन्हें समाज के सामने प्रतिष्ठित करना ही सच्चा सम्मान है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने के लिए सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी अनिवार्य है।मुख्यमंत्री ने एनजीओ प्रतिनिधियों से कहा,सरकार व्यवस्था देती है, लेकिन आत्मा समाज से आती है। सरकारी व्यवस्था कई बार रोबोट की तरह होती है, जिसमें सिस्टम तो हैं, पर आत्मा नहीं। आत्मा आप जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं से आती है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनजातीय समाज के कल्याण के लिए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। रानी दुर्गावती, टंट्या मामा, रघुनाथ शाह और शंकर शाह जैसे वीरों के नाम पर संस्थान स्थापित करना हमारा गर्व और संकल्प दोनों है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी एनजीओ जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के सशक्त स्तंभ हैं, सरकार आपके साथ खड़ी है।
