इंदौर:शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस लगातार जनसंवाद कार्यक्रम चला रही है, जिसके तहत परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के गोल स्कूल में आयोजित मोहल्ला समिति बैठक में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने नागरिकों से सीधा संवाद किया. बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) अमित सिंह, डीसीपी ज़ोन-2 कुमार प्रतीक, अतिरिक्त डीसीपी अमरेंद्र सिंह, पुलिस अधिकारी और लगभग 250 नागरिक (पुरुष, महिला व बच्चे) उपस्थित रहे.
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद ही अपराध-मुक्त समाज की नींव है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे क्षेत्र की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना शिकायत पेटी या क्राइम वॉच हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से गोपनीय रूप से दें. कार्यक्रम के दौरान रखी गई शिकायत पेटी में कई नागरिकों ने क्षेत्र की समस्याएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी.
पुलिस कमिश्नर ने उनमें से कुछ शिकायतों पर तत्काल ही कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए. बैठक में नागरिकों को साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और अवैधानिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया. नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि नागरिकों की भागीदारी से शहर को और सुरक्षित बनाया जा सके
