सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने बैठक में कृषि, सहकारिता, खाद्य नागरिक आपूर्ति, मार्कफेड और खाद्य सुरक्षा विभाग की
गतिविधियों की समीक्षाकर प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली.
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचना चाहिए. इसके लिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं. उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कलेक्टर बालागुरू के ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए खाद का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए. मार्कफेड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वितरण केन्द्रों पर स्टॉक की निगरानी करें और समय-समय पर निरीक्षण करते रहें.
खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की निरंतर जांच की जाए. टीमों द्वारा होटलों, मिठाई दुकानों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं और थोक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाए. अमानक खाद्य सामग्री पाए जाने पर कार्रवाई की जाए और नागरिकों को भी जागरूक किया जाए. स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा दोनों ही जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे हैं, इसलिए अधिकारी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखें.
