बेंगलुरु, 11 नवंबर (वार्ता) भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि वह 30 नवंबर को होने वाले चुनावों में कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे।
द कैपिटल होटल में ‘टीम गेम चेंजर्स’ द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रसाद ने कहा कि वह जल्द ही अपनी बाकी टीम के नामों का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं केएससीए अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। बाकी टीम के बारे में, मैं नामों की घोषणा बाद करूंगा।”
प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक क्रिकेट का स्तर खासकर पिछले तीन सालों में तेजी से गिरा है। उन्होंने कहा, “पिछले 12 साल मुश्किल रहे हैं, लेकिन खासकर पिछले तीन साल बहुत निराशाजनक रहे हैं। महिला क्रिकेट पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि लीग मैच और चयन प्रक्रिया भी अव्यवस्थित तरीके से हो रही हैं।”
उन्होंने कहा कि उनकी टीम इन मुद्दों पर ध्यान देगी और राज्य में क्रिकेट के स्तर को वापस लाने के लिए कार्ययोजना पेश करेगी। उन्होंने कहा, “हम यह भी बताएंगे कि मौजूदा प्रबंधन 90 साल पुराने नियम की व्याख्या कैसे गलत और अनैतिक तरीके से कर रहे हैं, जिससे खेल भावना की कमी दिखती है।”
उल्लेखनीय है कि ‘टीम गेम चेंजर्स’ ग्रुप में शांता रंगास्वामी, अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ और खुद प्रसाद सहित कई पूर्व क्रिकेटर भी शामिल हैं, जिन्होंने कर्नाटक क्रिकेट के ‘सुनहरे दिनों को वापस लाने’ के लिए हाथ मिलाया है।
राम

