
छतरपुर। गौरिहार थाना पुलिस ने ग्राम चुरयारी बस स्टैंड क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौरिहार निवासी रजनीश पटेल और महाराजपुर निवासी सुनील चौरसिया के रूप में हुई है। दोनों पर 20,000 रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किए है।
यह मामला नवंबर माह की शुरुआत का है, जब सरवई-गौरिहार मार्ग पर चुरयारी बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों व गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री द्वारा दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं पुलिस अधीक्षक (SP) छतरपुर अगम जैन इस प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे थे।
मजदूर बनकर किया आरोपी को गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सुनील चौरसिया भोपाल के करोंद मंडी में मजदूरों के बीच छिपकर रह रहा है। इस सूचना पर गौरिहार पुलिस टीम ने भेष बदलकर मंडी में पल्लेदारों के साथ मजदूरी का नाटक किया और सही समय पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
पहले से 4 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील चौरसिया जुआ और मारपीट जैसे चार अन्य अपराधों में भी शामिल रहा है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
