पुनीत दुबे
पचमढ़ी: विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश दौरे पर शनिवार को पचमढ़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, समन्वय के साथ काम करने और आने वाले तीन वर्षों के लिए लक्ष्य तय करने पर चर्चा हुई।पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत बनाने और जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण को कारगर बताया। वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो जिला अध्यक्ष पार्टी के एजेंडे पर काम नहीं करेंगे, उन्हें बदला जाएगा।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि संगठन का विकेंद्रीकरण किया जाएगा और हर स्तर पर जवाबदेही तय होगी। बिना कमेटी की अनुमति के कोई आंदोलन नहीं होगा, लेकिन जन समस्याओं को लेकर किसी को भी रोकने का अधिकार नहीं रहेगा।उन्होंने निर्देश दिए कि पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक जल्द बुलाई जाए और उसके फैसलों पर अमल किया जाए। छह महीने के भीतर सभी जिला अध्यक्षों के काम की समीक्षा की जाएगी, और जो अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करेंगे, उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
