दतिया में भीम आर्मी और हिंदू संगठनों की झड़प; पथराव में 3 घायल

दतिया। जिले के इंदरगढ़ कस्बे में शनिवार दोपहर बाद पुतला दहन को लेकर भीम आर्मी और हिंदू संगठनों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। घायलों को इंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुतला दहन विवाद की शुरुआत तब हुई जब आज शनिवार को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के करीब 200 कार्यकर्ता, ग्वालियर संभागीय अध्यक्ष केशव यादव के नेतृत्व में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन करने के लिए अंबेडकर पार्क से रैली निकाल रहे थे।

जब जुलूस ग्वालियर चौराहे के पास पहुंचा, तो तय जगह से करीब 25 फीट पहले ही कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक दिया। तभी वहां मौजूद 70-80 हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी और आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव का पुतला जलाया। दोनों पक्षों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई और पत्थरबाजी की घटना हुई। इस दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

*पुलिस ने किया काबू*

स्थानीय पुलिस ने झड़प को प्रारंभिक स्तर पर शांत किया, लेकिन कुछ समय बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता इंदरगढ़ थाने पहुंचे और पं. धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात कर वॉटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल कर तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण में किया।

*संतों के पुतले जलाना सही नहीं : सनातन हिन्दू संगठन*

सनातन हिंदू संगठन ने कहा :

सनातन हिंदू संगठन के नगर अध्यक्ष शिरोमणि सिंह राठौर ने कहा है कि पं. धीरेंद्र शास्त्री जात-पात मिटाने और सनातन एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संतों के पुतले को जलाना सही नहीं है। वहीं, दामोदर यादव ने हाल ही में हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि शास्त्री ने उन्हें धमकाया और गालियां दीं। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने हरियाणा में कथा के दौरान कहा, “हमें छेड़ा गया है तो हम छोड़ेंगे नहीं। भारत और संस्कृति को बचाने के लिए जातिवाद से ऊपर उठकर सनातनी बनना होगा।”

पुलिस ने कहा…

पुलिस का कहना है कि दोनों संगठनों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की पहचान कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। इंदरगढ़ कस्बे में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल है और प्रशासन सतर्कता बनाए हुए है।

Next Post

भाजपा ने शुरू किया मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान

Sat Nov 8 , 2025
रायपुर 08 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला गुढियारी मंडल और तात्यापारा मंडल में संपन्न हुई, जिसमें बूथ स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बीएलओ बड़ी संख्या में उपस्थित […]

You May Like