डबरा में कचरे के ढ़ेर में मिला कई यूनिट ब्लड, नोंचते दिखे स्ट्रीट डॉग्स

ग्वालियर। डबरा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। जिस खून की एक-एक बूंद से किसी की जान बच सकती है, वही कई यूनिट्स खून खुलेआम कचरे के ढेर में मिला। हालत यह थी कि उन ब्लड बैग्स को स्ट्रीट डॉग्स नोंचते हुए दिखे। यह दृश्य देखकर लोगों में गुस्सा और अफसोस दोनों है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर ब्लड बैंक की व्यवस्था इतनी लापरवाह कैसे हो गई?

घटना के बाद शक की सुई डबरा स्थित रेडक्रॉस ब्लड बैंक की ओर घूम गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही ब्लड बैंक है जहां लोगों से ब्लड डोनेट कराया जाता है, लेकिन जरूरत के समय मरीजों को ब्लड देने में आनाकानी की जाती है। अब यह संदेह जताया जा रहा है कि एक्सपायर ब्लड को ठिकाने लगाने के लिए स्टाफ ने इन्हें कचरे में फेंक दिया।

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लोग नेक नीयत से ब्लड डोनेट करते हैं ताकि किसी जरूरतमंद की जान बच सके, लेकिन जब वही ब्लड इस तरह कचरे में फेंका जाता है, तो यह न केवल व्यवस्था की नाकामी है बल्कि रक्तदाताओं के विश्वास का भी अपमान है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, रेडक्रॉस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी ब्लड बैग्स को जब्त कर लिया गया है। हालांकि, अब तक किसी अधिकारी ने इस मामले पर खुलकर बयान नहीं दिया है। टीम यह जांच कर रही है कि आखिर ब्लड बैंक से इतने सारे ब्लड बैग्स कचरे में कैसे पहुंचे।

यह घटना सिर्फ डबरा या ग्वालियर की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल उठाती है। एक ओर लोग ब्लड डोनेशन कैंप में कतार लगाकर खून दान करते हैं, वहीं दूसरी ओर खून की यूनिट्स इस तरह बर्बाद की जा रही हैं। यह घटना प्रशासन और ब्लड बैंक दोनों के लिए आईना है कि जिम्मेदारी निभाने में अब और लापरवाही नहीं चलेगी।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ब्लड की बर्बादी जैसे मामलों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

 

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार में 5.6 अरब डालर की गिरावट

Fri Nov 7 , 2025
मुंबई, 07 नवंबर (वार्ता) भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 31 अक्टूबर, 2025 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 5.6 अरब डॉलर घटकर 689.73 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले के सप्ताह में […]

You May Like