इंदौर: एमपी मेट्रो इंदौर मेट्रो का नेटवर्क बढ़ाने की योजना पर निरंतर कार्य कर रहा है. मेट्रो कॉर्पोरेशन ने इंदौर में एक और नई लाइन विस्तार की योजना बनाई है, जिसके तहत शहर के पश्चिम क्षेत्र को पूर्वी क्षेत्र से जोड़ने का काम किया जाएगा.एमपी मेट्रो को येलो लाइन का एक हिस्सा खजराना से रीगल चौराहा तक का फैसला होना बाकी है. वहीं एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक का 8 किलोमीटर का काम शुरू हो गया है.
एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक भूमिगत लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है. उक्त येलो लाइन के बाद एमपी मेट्रो द्वारा शहर को पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण जोड़ने की योजना और विस्तार करने का काम अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है. इसके लिए शहर की भौगोलिक क्षेत्र और स्थिति का आंकलन करके दो लाइन की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है. सूत्रों के अनुसार एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने पश्चिम से पूर्व की ओर सिरपुर से पिपलियाहाना चौराहे तक नई लाइन का नक्शा तैयार कर लिया है. हालांकि यह प्राथमिक तौर पर ही बनाया है. अंतिम निर्णय और योजना को स्वीकृति संचालक मंडल की बैठक में होगी.
भूमिगत लाइन डालने की योजना
सूत्रों के अनुसार सिरपुर से पिपलिया हाना चौराहे तक 8 किलोमीटर लंबी भूमिगत लाइन डालने की योजना है. इस पर करीब 2 हजार करोड़ रुपए अनुमानित लागत आने की संभावना है. यदि इस लाइन की मंजूरी होती है ,तो उसमें सिरपुर, महूनाका, कलेक्ट्रेट चौराहा, टॉवर चौराहा, जीपीओ, रेसीडेंसी और पिपलिया हाना चौराहे पर स्टेशन प्रस्तावित हो सकते हैं. उक्त लाइन को मेट्रो की ग्रीन लाइन निर्माण होना बताया जा रहा है.
80 प्रतिशत कार्यक्षेत्र जुड़ जाएंगे
ध्यान रहे कि कल नवभारत में मेट्रो की उत्तर से दक्षिण लवकुश चौराहे से राजेंद्र नगर तक रेड लाइन का नक्शा और प्लान तैयार करने की खबर प्रकाशित की गई थी. माना जा रहा है कि उपरोक्त दोनों लाइन पर मेट्रो रेल शुरू हो जाती है तो भविष्य में इंदौर को लोक परिवहन की बड़ी सुविधा मिल सकती है. लवकुश चौराहे से राजेन्द्र नगर और सिरपुर से पिपलिया हाना चौराहे तक रेड और ग्रीन लाइन निर्माण होने से 80 प्रतिशत व्यापारिक और कार्यक्षेत्र जुड़ जाएंगे.
