
सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई द्वितीय एवं तृतीय के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी के निर्देशन तथा कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. अर्चना मिश्रा और डॉ. आकर्षा तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में साइबर सेल मध्यप्रदेश पुलिस की उप निरीक्षक श्रीमती आशिमा गौतम ने छात्राओं को साइबर अपराधों से जुड़े संवेदनशील पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया क्राइम, फाइनेंशियल फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर स्लेवरी और डिजिटल अरेस्ट जैसे उभरते खतरों पर विस्तार से चर्चा की।
श्रीमती गौतम ने छात्राओं को स्नैपचैट, इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसी सोशल मीडिया साइट्स पर सतर्क रहने की सलाह दी और व्यक्तिगत डेटा या ओटीपी साझा न करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि साइबर स्लेवरी विशेष रूप से बच्चों, किशोरों और बुजुर्गों को निशाना बनाती है, इसलिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठन अधिकारी आर. सी. प्रजापति, नवीन भवन के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अरविंद बोहरे सहित डॉ. एच. एस. अंसारी, डॉ. पदमा आचार्य, डॉ. प्रतिमा खरे, डॉ. मधु स्थापक, डॉ. दीपक खटीक, डॉ. प्रशांत कुमार सोनी और डॉ. नंदकिशोर लोधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवक और महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।