
जबलपुर। मंगलवार की सुबह आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के एफ-9 सेक्शन में उस वक्त जबर्दस्त विस्फोट के साथ हड़कंप मच गया जब मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड उत्पादन के दौरान एक हैंड ग्रेनेड कर्मचारी के हाथ में ही फूट गया। जबर्दस्त विस्फोट की आवाज सुनकर मौके पर अन्य कर्मचारियों ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की और प्रबंधन को सूचना दी। हादसे में कर्मचारी के हाथ की एक अंगुली कट गई है। कर्मचारी का अभी निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के एफ-9 सेक्शन में मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड की एसेंबली का काम चल रहा था जिसमें 28 वर्षीय प्रीतेश ठाकुर नामक कर्मचारी के हाथ में अचानक हैंड ग्रेनेड विस्फोट हो गया। घायल कर्मचारी आयुध निर्माण खमरिया का नियमित कर्मचारी नहीं है वह अग्रिवीर योजना के तहत 4 साल की नौकरी अवधि में काम करने फैक्टरी में सेवाएं दे रहा था। गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को ए-1 सेक्शन में प्रेस मशीन में काम करते समय सुभाष आलम नामक कर्मी की अंगूली कट गई थी। उक्त घटना को लेकर बोर्ड ऑफ इंक्वायरी भी बुलाई गई है।
वर्कलोड अधिक होने से भी बढ़ रहीं हैं घटनाएं
नाम न छापने की शर्त पर फैक्टरी के एक कर्मचारी ने नवभारत को बताया कि आयुध निर्माण फैक्टरी में प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के ऊपर वर्कलोड काफी अधिक दे दिया जाता है जिस दौरान मानसिक तनाव बढ़ जाता है और फिर डेटोनेटर में मशीन के जरिए बारूद भरते वक्त कुछ न कुछ खामी हो जाती हैं कभी कंप्रेशर मशीन में प्रेशर अधिक हो जाता है तो स्पार्किंग के साथ विस्फोट जैसी घटनाएं घटित हो जातीं हैं और कर्मचारी हादसे का शिकार हो जाते हैं।
