महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीत के बाद देशभर में टीम इंडिया की तारीफ हो रही है। सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर ने भी इस ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी है।
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब आखिरकार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नाम रहा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारत ने फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सालों से चले आ रहे विश्व कप के इंतजार को खत्म किया। देशभर में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जश्न का माहौल है और सोशल मीडिया पर हर कोई टीम इंडिया की तारीफ कर रहा है। इसी कड़ी में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर ने भी भारतीय टीम को बधाई दी।
भारत की जीत पर इमोशनल हुईं सारा तेंदुलकर
इस जीत ने न सिर्फ भारतीय टीम को बल्कि पूरे देश को गौरव से भर दिया है। मैच का रोमांच आखिरी पलों तक बना रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर साउथ अफ्रीका को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया। इस ऐतिहासिक जीत से देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सारा तेंदुलकर ने इस खास मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने भारतीय टीम की एक तस्वीर साझा की, जिसमें पूरी चैंपियन स्क्वॉड नजर आ रही थी। इसके साथ उन्होंने ब्लू हार्ट और ट्रॉफी इमोजी लगाकर टीम को जीत की शुभकामनाएं दीं।
