
छिंदवाड़ा। जिले को झकझोर देने वाले जहरीले कफ सीरप कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने रविवार देर रात आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी की पत्नी श्रीमती ज्योति सोनी को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह टीम आरोपी को परासिया लेकर पहुंची, जहां थाने में दिन भर पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, ज्योति सोनी परासिया में अपना मेडिकल स्टोर नाम से दवा दुकान संचालित करती थीं। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों और कैमिस्ट सौरभ जैन के बयानों के आधार पर एसआईटी ने उन्हें मामले में आरोपी बनाया। औषधि नियंत्रण विभाग पहले ही भारी गड़बड़ियों के चलते मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर चुका है। पुलिस कई दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और लोकेशन ट्रेस कर बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।
हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। एसआईटी अब दवा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें डॉ. प्रवीण सोनी, श्रीसन कंपनी के संचालक रंगनाथन, कैमिस्ट माहेश्वरी, सौरभ जैन, स्टॉकिस्ट राजेश सोनी और एमआर सतीश वर्मा शामिल हैं। जहरीले कफ सीरप के सेवन से अब तक 22 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है। पुलिस को उम्मीद है कि ज्योति सोनी की गिरफ्तारी के बाद इस कांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश जल्द होगा।
