ब्यावरा। देवउठनी ग्यारस के अवसर पर नगर के श्री अंजनीलाल मंदिर धाम पर तुलसी जी के पौधो का वितरण किया गया. तुलसी के पौधे पाकर श्रद्धालुजन काफी उत्साहित नजर आये.
प्रात: के समय मंदिर धाम पर तुलसीजी की पूजा-अर्चना, आरती पश्चात श्रद्धालुओं को पौधो का वितरण किया गया. ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल द्वारा पौधा वितरण का शुभारंभ किया गया. 700 से अधिक पौधो का वितरण किया. संचालन वरिष्ठ सदस्य जुगल किशोर गुप्ता टाटा वाले द्वारा किया गया. इस दौरान मंदिर ट्रस्ट परिवार के सदस्यगण, श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. पौधो का वितरण दिन भर चलता रहा.
विदित है कि मंदिर ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2014 से तुलसी जयंती पर तुलसी बीज का रोपण किया जाता है तथा देवउठनी ग्यारस पर मंदिर धाम से श्रद्धालुओं को पौधो का वितरण किया जाता है. हर घर, आंगन में तुलसी जी का पौधा हो इस उद्देश्य को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है. साथ ही साल भर मंदिर धाम पर तुलसी पौधे के बीज का वितरण भी किया जाता है.
