63वें भगवान पशुपतिनाथ महादेव मेले का पाटोत्सव के साथ हुआ भव्य शुभारंभ

मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के 63वें भव्य मेले का शुभारंभ शनिवार को पाटोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। नगरपालिका परिषद मंदसौर एवं श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम में संतों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेनपुरिया आश्रम के महंत मणिमहेशजी महाराज सहित संत श्री प्रत्यक्षानंदजी महाराज एवं संत श्री मस्तरामजी महाराज की प्रतिमाओं पर पूजा-अर्चना, माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। तत्पश्चात मंदिर परिसर में स्थापित दीपमालिका पर दीप प्रज्ज्वलित कर 63वें भव्य मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष पं. राजेश दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार, विधायक विपिन जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मनुप्रिया यादव, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी श्री पारस मावर, भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष श्री अरविंद सारस्वत एवं दक्षिण मंडल अध्यक्ष विनोद डगवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, डिप्टी कलेक्टर एवं नपा सीएमओ श्रीमती अनिता चाकोटिया, एसडीएम शिवलाल शाक्य, एएसपी टी.एस. बघेल, पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति सदस्यगण, नगरपालिका अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला, मेला सभापति श्रीमती प्रतिभा विक्रम भैरवे एवं मेला समिति सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर किया गया।

 

मेला होगा भव्य, व्यापारियों को नहीं होगी परेशानी — नपाध्यक्ष

मीडिया से चर्चा में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने कहा कि “भगवान पशुपतिनाथ का मेला मंदसौर की पहचान है। परिषद इस मेले की भव्यता के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। वर्षा का दौर थमने के बाद समस्त आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएंगी। व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।”

 

तीन-चार दिनों में सज जाएगा पूरा मेला परिसर — मेला सभापति

मेला सभापति श्रीमती प्रतिभा विक्रम भैरवे ने बताया कि “आज से मेला की शुरुआत हो चुकी है। अगले तीन-चार दिनों में दुकानें पूरी तरह सज जाएंगी। कार्तिक पूर्णिमा तक मेला अपने पूरे स्वरूप में नजर आएगा। व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और सभी आवश्यक निर्णय समय पर लिए जाएंगे।”

 

भक्तिभाव, उत्साह और लोक परंपराओं से सजे इस शुभारंभ समारोह ने मंदसौर नगर को एक बार फिर पशुपतिनाथ महादेव की भक्ति में रंग दिया।

Next Post

ग्रीन एनर्जी का पावर हाउस बनता विंध्य, दिल्ली मेट्रो के बाद इंदौर-भोपाल को भी देगा सौर ऊर्जा

Sat Nov 1 , 2025
रीवा, 1 नवम्बर, रीवा जिले के गुढ़ सोलर प्लांट से अभी तक दिल्ली की मेट्रो ट्रेन चल रही थी पर बहुत जल्द इंदौर और भोपाल की मेट्रो टे्रन भी यहा की बिजली से दौड़ेगी. एशिया के सबसे बड़े सौर्य ऊर्जा केन्द्र अल्ट्रा मेगा सोलर पार्क का विस्तार भी किये जाने […]

You May Like