नयी दिल्ली, 01 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कई राज्यों के स्थापना दिवस पर आज वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।
गौरतलब है कि अलग अलग वर्षों में मगर एक नवंबर के दिन ही आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, पुडुचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप का गठन हुआ था।
श्री मोदी ने कर्नाटक के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा “आज, जब हम कन्नड़ राज्योत्सव मना रहे हैं, हम उत्कृष्टता और मेहनती स्वभाव की भावना का उत्सव मना रहे हैं, जिसका कर्नाटक के लोग पर्याय हैं। हम कर्नाटक की उत्कृष्ट संस्कृति का भी उत्सव मनाते हैं, जो इसके साहित्य, कला, संगीत आदि में परिलक्षित होती है। यह राज्य ज्ञान में निहित प्रगति की भावना का प्रतीक है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि राज्य के लोग प्रसन्न और स्वस्थ रहें।”
केरल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा “केरल एक ऐसा राज्य है जिसके लोग विश्व स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल कर रहे हैं और अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। राज्य के मनोरम दृश्य और सदियों पुरानी विरासत भारत की जीवंत सांस्कृतिक भव्यता को दर्शाती है। केरल के लोगों को सदैव अच्छे स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद मिले।”
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा “गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने वाले मध्य प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। देश के हृदय में बसा हमारा यह प्रदेश जन-जन की आकांक्षाओं को आगे रखकर आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रहा है। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में यहां के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों की अमूल्य भूमिका होने वाली है।”
छत्तीसगढ़ के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए श्री मोदी ने कहा “छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेकानेक शुभकामनाएँ। प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए मानदंड गढ़ने में जुटा है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे यहां के कई इलाके आज विकास की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यहां के मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन और उद्यम से हमारा यह राज्य विकसित भारत के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
श्री मोदी ने हरियाणा के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हरियाणा दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को बहुत-बहुत बधाई। यह ऐतिहासिक धरती हमारे किसान भाई-बहनों के अथक परिश्रम, जवानों के अतुलनीय पराक्रम और युवाओं के अद्भुत प्रदर्शन से देशभर के लिए एक मिसाल रही है। प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे इस प्रदेश के विशेष अवसर पर मैं हर किसी की खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

