सीहोर। लगभग दो माह पूर्व हाउसिंग बोर्ड कालोनी में चल रहे धर्मांतरण के मामले की सुर्खियों को लोग भूले भी नहीं थे कि बीती रात समीपस्थ ग्राम बरखेड़ी में ग्रामीणों के धर्मांतरण का प्रयास कर रहे लोगों को जागरुक ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने इनके खिलाफ प्रलोभन, बल प्रयोग और धमकी के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करते हुए उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार ग्राम आलमपुरा निवासी बनेसिंह विश्वकर्मा का एक मकान थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ी में है जिसे उसने ग्राम फांगिया थाना इछावर निवासी महेश आ. खोमसिंह को किराए पर दे रखा है. बताया जाता है कि महेश व उसके अन्य साथी खरगौन जिले के ग्राम कौशाम्बिया पढ़ाना निवासी गोपाल बारेला आ. पाडया बारेला व खंडवा जिले के ग्राम दीवाल पढाना निवासी प्यारसिंह बारेला आ. खुमानसिंह बारेला के साथ मिलकर धर्मांतरण की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था. सूत्रों की मानें तो यह लोग इतनी गोपनियता से अपने मिशन को अंजाम दे रहे थे कि आसपास रहने वाले अन्य ग्रामीणों को भनक तक नहीं लग सकी थी. मामले में फरियादी बनेसिंह विश्वकर्मा का कहना है कि उसके शरीर में सूजन होने के कारण महेश व उसके साथी उसे ऐसा पानी पिलाते थे जिससे उसे आराम मिलता था. इतना ही नहीं वह बनेसिंह विश्वकर्मा को मुफ्त में दवाएं भी देते थे. आर्थिक प्रलोभन भी देते थे, लेकिन बनेसिंह उनके मंसूबों से अंजान था. बुधवार को बनेसिंह अपने गांव आलमपुरा से निकला था जो रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. वह बनेसिंह को तलाशते हुए बरखेड़ी स्थित मकान पर पहुंचे तो देखा वहां दो दर्जन से अधिक महिला- पुरुष मौजूद थे. उस दौरान एक व्यक्ति धार्मिक ग्रंथ से प्रवचन दे रहा था. इतना ही नहीं उन्होंने बनेसिंह व सुरेश बारेला को इसाई धर्म में शामिल करने की पूरी तैयारी कर रखी थी.
अपने ही मकान में यह होता देख बनेसिंह व सुरेश बारेला ने विरोध करने का प्रयास किया तो महेश व उसके साथियों ने उनके साथ गाली गलौच कर दी. इस दौरान वहां बड़ी संख्या ग्रामीण एकत्रित हो गए. जानकारी मिलने के बाद हिन्दू संगठन के अनेक कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए थे. थाना कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. बताया जाता है कि इस मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. कुछ ने पुलिस के वाहन के आगे लेटने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक न चली. पुलिस देर रात में तीनों आरोपियों को थाने ले आई थी. थाना कोतवाली पुलिस ने सुरेश बारेला और बनेसिंह की शिकायत पर आरोपी महेश, गोपाल बारेला और प्यारसिंह बारेला के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए प्रकरण की जांच उप निरीक्षक श्याम कुमार अहिरवार को सौंपी गई है.
अगस्त में भी गर्माया था धर्मांतरण का मामला
तीन माह पूर्व जिला मुख्यालय के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में धर्मांतरण का मामला गर्माया था. 17 अगस्त को कालोनी के गोविंद मसूरे द्वारा थाना कोतवाली पुलिस को शिकायत की गई थी. मामले में पुलिस ने धर्मांतरण के आरोप में जब्बार खान और उसकी पत्नी ताहिरा खान के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत मामला दर्ज किया था. इस मामले में पुलिस ने जब्बार खान को जेल भेज दिया था जबकि उसकी पत्नी फरार हो गई थी. इसके बाद नपा ने 15 सितंबर को जब्बार खान के मकान के अवैध ऊपरी हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई थी.
