
भोपाल।शाहजहानाबाद थाना परिसर में बुधवार को पुलिस की सख़्त निगरानी में जब्त गाड़ियों की नीलामी हुई. नीलामी में कुल 20 दोपहिया और 1 चार पहिया वाहन शामिल रहे. नीलामी में बोली लगाने वालों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
नीलामी की शुरुआत ₹1 लाख से हुई और अंतिम बोली ₹3 लाख 500 रुपये तक पहुँची. वाहनों की नीलामी का पूरा कार्यक्रम डीसीपी अभिनव चौक, एसीपी अनिल बाजपेयी, एसीपी राकेश बघेल और टीआई शाहजहानाबाद की मौजूदगी में संपन्न हुआ. नीलामी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और हर बोली को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दर्ज किया गया.
सूत्रों के अनुसार, कई वाहन पुराने प्रकरणों में जब्त किए गए थे, जिन्हें अब सरकारी आदेशों के तहत निस्तारित किया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य थानों में भी जल्द ऐसी नीलामी की तैयारी चल रही है, जिससे थानों में खड़ी पुरानी गाड़ियों को हटाया जा सके और जगह खाली की जा सके.
